
पिलखा भूमि सूरजपुर जिले में कोयला चोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गायत्री खदान में छापेमारी कर लगभग 33 टन चोरी का कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई बुधवार, 18 मार्च 2026 की सुबह एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस की अचानक दबिश से खदान में सक्रिय चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर करीब 450 बोरी कोयला पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त कोयले को खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया है।
मौके से 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल लावारिस हालत में मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इन वाहनों के मालिकों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी विश्रामपुर सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने इस कार्रवाई को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध कोयला कारोबार और इसमें शामिल लोगों के गठजोड़ को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने खदान प्रबंधन को भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अवैध रास्तों को बंद करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।








