
पिलखाभूमि सूरजपुर/प्रतापपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए छात्र संगठनों ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवाज उठाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के सूरजपुर जिला सचिव गोल्डी खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विकासखंड प्रतापपुर में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

दोपहर की तपिश में परीक्षा देना चुनौतीपूर्ण
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि वर्तमान में कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं दोपहर की पाली में आयोजित की जा रही हैं। दोपहर के समय लू और चिलचिलाती धूप के कारण छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने और परीक्षा देने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी विपरित प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

प्रथम पाली में परीक्षा संचालन की मांग
जिला सचिव गोल्डी खान ने मांग की है कि छात्र हित को सर्वोपरि रखते हुए परीक्षा की समय सारणी में तत्काल बदलाव किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि दोपहर की पाली के स्थान पर परीक्षाओं का संचालन प्रातः प्रथम पाली में किया जाए, ताकि छात्र ठंडे और शांत वातावरण में अपनी परीक्षा संपन्न कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान गोल्डी खान के साथ एनएसयूआई के अन्य सक्रिय साथी और छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते समय सारणी में बदलाव नहीं किया गया, तो छात्र संगठन विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आगे की रणनीति तय करेगा।








