
पिलखा भूमि सूरजपुर/डीआईजी व एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, खेलकूद में महिला आरक्षकों ने दिखाया दमखम
। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिला पुलिस द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस गौरवशाली अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस लाइन समेत विभिन्न थानों और चौकियों में तैनात महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों के समर्पण और समाज की सुरक्षा में उनके योगदान की जमकर सराहना की।

समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी श्री ठाकुर ने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून और चिकित्सा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
अंतरिक्ष से लेकर सेना और पुलिस बल तक, हर कठिन मोर्चे पर महिलाएं अपनी शक्ति का परिचय दे रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण ही एक समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की असली कुंजी है।मैदान पर उतरीं ‘शक्तिस्वरूपा’, खेल प्रतियोगिता में रहा उत्साहसम्मान समारोह के पश्चात एसएसपी के निर्देश पर पुलिस लाइन में विशेष खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अनुशासन की वर्दी में रहने वाली महिला पुलिसकर्मियों ने जब खेल के मैदान पर कदम रखा, तो उनकी ऊर्जा और उत्साह देखते ही बनता था। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिला कर्मियों ने अपनी चपलता और कौशल का परिचय दिया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
कुर्सी दौड़: महिला आरक्षक झमिता वरकरे और अंजली टोप्पो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जलेबी दौड़: एएसआई बबीता यादव, प्रधान आरक्षक अल्का टोप्पो और महिला आरक्षक नीलम भगत विजेता रहीं।
गिलास निशानेबाजी: महिला आरक्षक चिंता पैंकरा, देशमती और चंदा भास्कर ने सटीक निशाना लगाकर बाजी मारी।
चम्मच दौड़: महिला आरक्षक नीलम भगत ने अपनी एकाग्रता से प्रथम स्थान हासिल किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थितिइस पूरे आयोजन की रूपरेखा रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी ने तैयार की और प्रतियोगिता में रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी सहित जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला पुलिस बल मौजूद रहा। एसएसपी ने सभी महिला कर्मियों को उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।








