
पिलखाभूमि अंबिकापुर (सरगुजा) अवैध संबंध का शक और सिर पर सवार खून का जुनून! सरगुजा पुलिस ने एक ऐसे मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश किया है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। एक पति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर न केवल अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या की, बल्कि राज दबाने के लिए घर के भीतर ही सुअर पालने वाले गड्ढे को उसकी कब्र बना दिया।
वारदात: सिर पर लाठी का वार और मौत का सन्नाटा
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर खुर्द का है। आरोपी मिथलेश कुजूर को शक था कि मृतक बृजलाल अगरिया का उसकी पत्नी राजकुमारी के साथ अवैध संबंध है। इसी शक की आग ने 8 दिन पहले विकराल रूप ले लिया। जब बृजलाल घर पहुंचा, तो विवाद इस कदर बढ़ा कि मिथलेश ने लाठी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

शव के साथ क्रूरता: सुअरों के गड्ढे में दफन किया ‘राज’
हत्या के बाद कानून की नजरों से बचने के लिए पति-पत्नी ने खौफनाक साजिश रची। घर के आंगन में सुअरों के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में लाश को फेंक दिया गया। ऊपर से लकड़ी का ढक्कन लगाया और मिट्टी डालकर उसे पूरी तरह समतल कर दिया ताकि किसी को भनक तक न लगे।
खाकी का एक्शन: खोदकर निकाली गई लाश
आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन SSP राजेश कुमार अग्रवाल और CSP राहुल बंसल की पैनी नजरों से बच नहीं सका। पुलिस की टीम जब मौका-ए-वारदात पर पहुंची और तहसीलदार की मौजूदगी में खुदाई शुरू हुई, तो जमीन के अंदर से जो निकला उसे देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। 8 दिनों से लापता बृजलाल की सड़ी-गली लाश बरामद हुई।
पुलिसिया हंटर: सलाखों के पीछे पहुंचे कातिल
गांधीनगर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा है। उनके पास से:
हत्या में प्रयुक्त डंडा और फावड़ा बरामद।
खून से सने कपड़े और टूटा हुआ मोबाइल जब्त।
BNS की धारा 103(1), 238 के तहत मामला दर्ज।
कड़ा संदेश: सरगुजा पुलिस ने साफ कर दिया है कि जुर्म को जमीन में गाड़ने की कोशिश करने वालों का अंजाम सलाखें ही होंगी। इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी और उनकी टीम ने महज चंद घंटों में मामले की तह तक जाकर आरोपियों को बेनकाब कर दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट: पिलखाभूमि न्यूज़






