
आबकारी उड़नदस्ता की बड़ी कार्रवाई; तीसरी बार सलाखों के पीछे पहुँचा आरोपी
पिलखाभूमि लखनपुर | सरगुजा संभाग में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार को नवापारा अमगसी निवासी कुख्यात तस्कर कृष्णा सिंह को उड़नदस्ता और जिला आबकारी की संयुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़कर जेल दाखिल कर दिया। आरोपी के कब्जे से 5.135 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कृष्णा सिंह के ठिकाने पर गांजे की बड़ी खेप उतरी है। टीम ने बिना वक्त गंवाए आरोपी के होटल और घर पर दबिश दी। वर्दीधारियों को देखते ही कृष्णा सिंह ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे होटल के पीछे दौड़ाकर पकड़ लिया।

बाल्टी में छिपा रखा था नशा
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद एक बाल्टी से दो पॉलीथीन पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था। तौल करने पर गांजे की मात्रा 5.135 किलोग्राम पाई गई। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आदतन अपराधी है कृष्णा सिंह
अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपी कृष्णा सिंह पिछले कई वर्षों से इस अवैध धंधे में सक्रिय है। वह पहले भी दो बार जेल जा चुका है, लेकिन जेल से बाहर आते ही दोबारा तस्करी शुरू कर देता था।
“हमारी टीम सूखे नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। जिले में अवैध नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए हम पूरी तरह कटिबद्ध हैं।”( रंजीत गुप्ता, सहायक जिला आबकारी अधिकारी)
कार्यवाही में शामिल टीम
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ जिला आबकारी सरगुजा के उप निरीक्षक सौरभ साहू, आकाश साहू और अनिल गुप्ता का विशेष योगदान रहा।






