
सूरजपुर/27 फरवरी 2026/ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुर में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) प्रमाणीकरण के तहत दो दिवसीय मूल्यांकन कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह सूक्ष्म मूल्यांकन 23 से 24 फरवरी तक केंद्रीय मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा किया गया। मूल्यांकन दल में डॉ. सुधीर कुमार (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायसेन, म.प्र.) एवं डॉ. सुनीत कुमार (अयोध्या, उ.प्र.) शामिल रहे। दोनों विशेषज्ञों ने दस निर्धारित मानकों के आधार पर अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन तथा सीएमएचओ डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन में यह मूल्यांकन प्रक्रिया संपन्न किया गया। जिला एवं राज्य स्तर पर सफलता प्राप्त करने के बाद केंद्रीय टीम द्वारा अस्पताल का विस्तृत आकलन किया गया। मूल्यांकन के दौरान सामान्य प्रशासन, आईपीडी, ओपीडी, प्रयोगशाला, प्रसव कक्ष, आपातकालीन सेवा, ऑक्जिलरी सेवा, संक्रमण नियंत्रण एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित कुल 8 विभागों की कार्यप्रणाली की जांच की गई। चेक लिस्ट के अनुसार दो दिनों तक विभागीय नोडल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यकुशलता, उपचार प्रक्रिया, मरीजों के साथ व्यवहार तथा गुणवत्ता मानकों के अनुपालन का परीक्षण किया गया। इस दौरान डॉ. सुधीर कुमार एवं डॉ. सुनीत कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता एक सतत प्रक्रिया है, जिसे निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला नोडल तूफान सिंह, खंड कार्यक्रम प्रबंधक सुरेश वर्मा, टीकाकरण अधिकारी डी.आर. पैकरा, चिकित्सा अधिकारीगण, नर्सिंग स्टाफ, आरबीएसके टीम, मितानिन कार्यक्रम के ब्लॉक समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








