
पिलखाभूमि विश्रामपुर/सूरजपुर | सरगुजा संभाग के आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। टीम ने गुरुवार को विश्रामपुर और सूरजपुर क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप बरामद की। इस कार्रवाई में जहाँ पूर्व मामले का एक फरार आरोपी पकड़ा गया, वहीं एक नया आरोपी कस्टडी से फरार होने में कामयाब रहा।

मुखबिर की सूचना पर आईटीआई कॉलोनी में दबिश
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को आबकारी उड़नदस्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई कॉलोनी विश्रामपुर स्थित मकान नंबर 1030 में रहने वाला भोले घसिया अपने घर से प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार कर रहा है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी के शयन कक्ष की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बरामद नशीली सामग्री:
132 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल
73 नग ALPRASCEN टैबलेट
90 नग ALPRAX (Alprazolam) टैबलेट
कुल 295 नग नशीली दवाओं को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

एक आरोपी गिरफ्त में, दूसरा पानी पीने के बहाने फरार
आरोपी भोले घसिया को कस्टडी में लेकर सूरजपुर लाया गया था। इसी बीच टीम को पूर्व एनडीपीएस मामले (अपराध क्रमांक 182/26) के फरार आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू की मौजूदगी की खबर मिली। टीम ने तत्काल कब्रिस्तान मोहल्ला में छापेमारी कर शहजाद को गिरफ्तार कर लिया।
विचित्र संयोग यह रहा कि जब टीम शहजाद की गिरफ्तारी में व्यस्त थी, तभी सूरजपुर नियंत्रण कक्ष में दो आरक्षकों की निगरानी में मौजूद आरोपी भोले घसिया पानी पीने के बहाने चकमा देकर वहां से भाग निकला। पुलिस द्वारा काफी पतासाजी के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाना सूरजपुर में उसके विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
न्यायालय ने भेजा जेल
पकड़े गए आरोपी मोहम्मद शहजाद उर्फ रिंकू को टीम ने शुक्रवार को माननीय न्यायालय सूरजपुर में पेश किया, जहाँ से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है। बता दें कि शहजाद, तहसील चपरासी अभिषेक कुमार साहू से जुड़े 600 नग नशीली दवाओं के मामले में वांछित था।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारू राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह और चंद्रावती की सक्रिय भूमिका रही।







