
पिलखाभूमि अम्बिकापुर/सरगुजा: सरगुजा जिले में ग्रामीण स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिस का सूचना तंत्र (Intelligence Network) मजबूत करने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में ‘कोटवार सम्मेलन’ का आयोजन किया गया।
प्रमुख थानों में हुई बैठक
पुलिस और कोटवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए थाना दरिमा, चौकी रघुनाथपुर एवं चौकी केदमा (थाना उदयपुर) में पुलिस टीम द्वारा ग्राम कोटवारों की बैठक ली गई। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पुलिस की ग्रामीण पकड़ को मजबूत करना और अवैध गतिविधियों की जानकारी समय पर प्राप्त करना है।

इन बिंदुओं पर दिया गया विशेष जोर:
सूचना तंत्र का विकास: कोटवारों को निर्देशित किया गया कि वे गांव में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब, या जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल संबंधित थाने को दें।
निगरानी बदमाशों पर नज़र: गांव में रहने वाले गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों एवं उनके ‘गुजर-बसर’ की जानकारी बारीकी से साझा करने को कहा गया।
विवादों की त्वरित सूचना: जमीन संबंधी विवाद, बड़े झगड़े या किसी भी अप्रिय दुर्घटना की स्थिति में पुलिस को तुरंत सूचित करने की समझाइस दी गई ताकि स्थिति बिगड़ने से पहले संभाली जा सके।
साइबर जागरूकता: बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए कोटवारों को ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड और फर्जी कॉल्स के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे ग्रामीणों को भी इसके प्रति सतर्क करें।

उपस्थिति
इस सम्मेलन के दौरान थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर. एन. पटेल सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के सभी ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।
निष्कर्ष:
सरगुजा पुलिस द्वारा हर महीने आयोजित होने वाले इस सम्मेलन से न केवल पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों में अपराधों पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी।






