
भित्ति कला (अंबिकापुर) | पिलखाभूमि ब्यूरो
अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर स्थित ग्राम भित्ति कला के पास बीती रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक की घेराबंदी और पिटाई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि तीनों महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। भागने की कोशिश कर रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दीं।
NH-130 पर एक घंटे तक रहा चक्काजाम हादसे और मौतों से गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल हाईवे पर शवों को रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आक्रोश इस कदर था कि सड़क के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए। ग्रामीणों की मांग थी कि ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।
पुलिस ने बमुश्किल छुड़ाया और बहाल कराया जाम तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भारी बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से चालक को छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस की समझाइश: पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को कानूनी प्रक्रिया और कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एक घंटे बाद खुला जाम: पुलिस की सक्रियता और समझाइश के बाद लगभग एक घंटे में जाम खुला और यातायात बहाल हो सका।
भित्ति कला में मातम का माहौल इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पिलखाभूमि की विशेष अपील: हाईवे पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को अब ठोस कदम उठाने ही होंगे। तेज़ रफ़्तार केवल चालक की नहीं, बल्कि मासूमों की जान भी ले रही है।
बने रहें पिलखाभूमि के साथ, निष्पक्ष और सटीक खबरों के लिए।






