रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर एवं हॉली क्रॉस अस्पताल का संयुक्त प्रयास; कैंसर की प्रारंभिक जांच व समय पर पहचान ही बचाव की कुंजी: डॉ. रवि जायसवाल।
अंबिकापुर: हॉली क्रॉस अस्पताल (मिशन अस्पताल) अंबिकापुर में रामकृष्ण केयर अस्पताल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को निःशुल्क कैंसर एवं रक्त रोग जांच व परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में सरगुजा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए मरीजों ने निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श सेवा का लाभ उठाया।
शिविर में मुख्य विशेषज्ञ के रूप में रामकृष्ण केयर अस्पताल रायपुर के कैंसर एवं रक्त रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रवि जायसवाल (Medical Oncologist) उपस्थित रहे। परामर्श सत्र के दौरान डॉ. रवि जायसवाल ने मरीजों व उनके परिजनों को कैंसर रोग के लक्षण, बचाव तथा समय पूर्व जांच (Early Detection) के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि प्रारंभिक अवस्था में ही कैंसर की पहचान हो जाए तो इसका शत-प्रतिशत सटीक व सफल उपचार संभव है।

18 ओपीडी और 6 भर्ती मरीजों का हुआ परीक्षण:
शिविर के दौरान कुल 18 मरीजों ने बाह्य रोगी विभाग (OPD) में पहुंचकर व्यक्तिगत जांच व परामर्श प्राप्त किया। इसके साथ ही डॉ. जायसवाल ने अस्पताल में पूर्व से भर्ती 6 गंभीर मरीजों का वार्ड में जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया और उनके परिजनों को आगे की चिकित्सा पद्धति से अवगत कराया।
हर महीने के चौथे शनिवार को मिलेगी नियमित सेवा:
अस्पताल प्रबंधन ने घोषणा की कि संभाग के जरूरतमंद मरीजों को रायपुर की भागदौड़ से बचाने के लिए अब प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को हॉली क्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में डॉ. रवि जायसवाल की नियमित ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवा उपलब्ध रहेगी।

हॉली क्रॉस अस्पताल प्रबंधन ने डॉ. रवि जायसवाल का आभार प्रकट करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के प्रति उनका यह समर्पण प्रशंसनीय है। शिविर में स्वास्थ्य लाभ पाकर मरीजों एवं उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों के प्रति संतोष व्यक्त किया।




