नशे के कारोबार पर सूरजपुर पुलिस का चौतरफा प्रहार, चार आरोपी गिरफ्तार; 162 नशीले इंजेक्शन जब्त…
दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी से बेनकाब हुआ नशे का अवैध कारोबार, घरों को बना रखा था इंजेक्शनों की बिक्री का अड्डा; पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क, जब्त नशीले इंजेक्शनों की कीमत करीब 82 हजार रुपये
सेराज खान पिलखा भूमि सूरजपुर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने एक के बाद एक दो बड़ी कार्रवाई कर नशे के सौदागरों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो ठिकानों पर दबिश देकर नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री और सप्लाई के कारोबार का पर्दाफाश किया है। इन कार्रवाइयों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 162 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 82 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 नवंबर 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोग अपने घरों से ही नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री और सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमों के माध्यम से संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने की रणनीति बनाई।
भैयाथान रोड के मकान से मिले 133 इंजेक्शन
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने भैयाथान रोड स्थित संतोष साहू उर्फ मोनू के मकान पर घेराबंदी कर तलाशी ली। यहां से पुलिस को एविल के 33 नग तथा आईपीपीएल के 100 नग, कुल 133 नशीले इंजेक्शन मिले। जब्त इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत करीब 67 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से संतोष साहू उर्फ मोनू पिता राजकुमार साहू (24 वर्ष), निवासी भैयाथान रोड, सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध धारा 22(सी), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
“चंदरपुर में भी चल रहा था इंजेक्शनों का कारोबार, पूछताछ में खुली सप्लाई की कड़ी”
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने चंदरपुर निवासी नंदकेश्वर साहू के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान यहां से एविल के 15, आईपीपीएल के 6 तथा रेक्सोजेसिक के 8 इंजेक्शन, कुल 29 नग बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान नंदकेश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि वह नशीले इंजेक्शन देवनगर निवासी रहमान उर्फ अब्दुल रहमान तथा रामानुजनगर निवासी ममसाद अली उर्फ गुड्डा से खरीदकर लाता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में नंदकेश्वर साहू (41 वर्ष), पिता जीतन साहू, निवासी चंदरपुर देवल्लापारा; ममसाद अली उर्फ गुड्डा (44 वर्ष), पिता रहमत अली, निवासी त्रिपुरेश्वरपुर डगमला, थाना रामानुजनगर तथा रहमान उर्फ अब्दुल रहमान (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय मोहम्मद रमजान, निवासी देवनगर नवापारा शामिल हैं। इनके विरुद्ध धारा 21(सी), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
“162 इंजेक्शन जब्त, अब सप्लाई के बड़े नेटवर्क की तलाश”
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 162 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। खास बात यह है कि एक मामले में पुलिस को पूछताछ के दौरान सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। इससे नशीले इंजेक्शनों की खरीद-बिक्री और आपूर्ति की कड़ियों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इन इंजेक्शनों की आपूर्ति कहां से होती थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
“कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका”
पहली कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, पीएसआई पप्पू यादव, प्रधान आरक्षक बृजकिशोर धुर्वा, आरक्षक राजू एक्का, चंदकुमार साहू, रविराज पाण्डेय एवं महिला आरक्षक पिंकी सोनवानी की सक्रिय भूमिका रही।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, पीएसआई नागेश कुमार, पीएसआई रुचि रजक, आरक्षक परमेश्वर राजवाड़े एवं आरक्षक रामेश्वर जगनायक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों ने साफ संकेत दे दिया है कि नशे के सौदागरों के लिए अब जिले में जगह बनाना आसान नहीं होगा।
