सात दिन की घेराबंदी के बाद काबू में आया ‘कबरा’, रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में ट्रैंक्विलाइज कर लगाया रेडियो कॉलर…
कई जनहानि की घटनाओं के बाद वन विभाग को मिली बड़ी कामयाबी, अब जंगल में हाथी की हर गतिविधि पर रहेगी नजर; सूरजपुर, सरगुजा और तमोर पिंगला की संयुक्त टीम ने चलाया था विशेष अभियान
सेराज खान पिलखा भूमि सूरजपुर और सरगुजा अंचल में लंबे समय से दहशत और मानव-हाथी संघर्ष की बड़ी वजह बने जंगली हाथी ‘कबरा’ पर आखिरकार वन विभाग ने नियंत्रण की दिशा में बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। सात दिनों तक चले सघन अभियान, दुर्गम जंगलों की खाक छानने और लगातार बदलती लोकेशन के बीच वन विभाग की संयुक्त टीम ने रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने में सफलता हासिल की। अब इस रेडियो कॉलर के जरिए वन विभाग को हाथी की लोकेशन और जंगल में उसकी गतिविधियों की नियमित जानकारी मिल सकेगी। इससे संभावित मानव-हाथी संघर्ष को रोकने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की उम्मीद जगी है।
“कई जनहानि की घटनाओं के बाद वन विभाग के लिए चुनौती बने कबरा हाथी को”
ट्रैंक्विलाइज करना आसान नहीं था। सीसीएफ वाइल्डलाइफ प्रणय मिश्रा के नेतृत्व एवं निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में सूरजपुर, सरगुजा वनमंडल और तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व की संयुक्त टीम ने पूरी ताकत झोंक दी थी। वन अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ रायपुर एवं बिलासपुर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों का दल भी लगातार अभियान में जुटा रहा। करीब सात दिनों तक टीम ने जंगल में डेरा डालकर हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी और उसे सुरक्षित तरीके से ट्रैंक्विलाइज करने के लिए अनुकूल अवसर का इंतजार किया।
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने का आदेश 11 नवंबर को प्राप्त हुआ था। इसके बाद 12 नवंबर से कुमकी हाथियों की मदद से उसकी तलाश और घेराबंदी का अभियान शुरू किया गया। दुर्गम वन क्षेत्र, ऊंची-खड़ी पहाड़ियां और हाथी की लगातार बदलती लोकेशन ने अभियान को बेहद चुनौतीपूर्ण बना दिया था। इसके बावजूद वन अमले ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार रणनीति के साथ आगे बढ़ता रहा। आखिरकार रामगढ़ की खड़ी पहाड़ी में टीम को अनुकूल अवसर मिला और कबरा को ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर पहनाने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई।
इस महत्वपूर्ण अभियान में सीसीएफ वाइल्डलाइफ प्रणय मिश्रा, सीसीएफ दिलराज प्रभाकर, सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल, सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, तमोर पिंगला एलीफेंट रिजर्व के डीडी सौरभ सिंह तथा एसडीओ कुणाल मिश्रा सहित सूरजपुर एवं सरगुजा वनमंडल का अमला सक्रिय रहा। वहीं रायपुर और बिलासपुर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ट्रैंक्विलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की तकनीकी एवं चिकित्सकीय जिम्मेदारी संभाली।
“जनहानि के बाद अब सुरक्षा की उम्मीद”
गौरतलब है कि कबरा हाथी की मौजूदगी सूरजपुर और सरगुजा अंचल के कई गांवों के लिए लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी। पूर्व में उसके कारण कई जनहानि की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में हाथी को ट्रैंक्विलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की सफलता वन विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि के साथ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी राहत की खबर है। हालांकि अब असली चुनौती उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और हाथी की लोकेशन के अनुसार समय रहते ग्रामीणों को सतर्क करने की होगी।
“अब हाथी की लोकेशन छिपेगी नहीं, हर हलचल पर रहेगी नजर”
इस संबंध में सूरजपुर वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने बताया कि रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद अब कबरा हाथी की लोकेशन की नियमित जानकारी मिलती रहेगी। इसके आधार पर संबंधित वन विभाग की टीमें उसकी आवाजाही और गतिविधियों को ट्रैक कर सकेंगी। हाथी की मौजूदगी की पूर्व जानकारी मिलने से आसपास के गांवों में समय रहते अलर्ट जारी करने और आवश्यक सावधानी बरतने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि विभाग अब हाथी के व्यवहार और जंगल में उसकी गतिविधियों का भी अध्ययन करेगा, ताकि भविष्य में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।
सात दिनों की मशक्कत के बाद मिली यह सफलता निश्चित रूप से वन विभाग के अभियान का अहम पड़ाव है। अब उम्मीद है कि तकनीक की मदद से कबरा की हर हलचल पर नजर रखकर इंसान और हाथी के बीच होने वाले संघर्ष को कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।
