- सोतार में लाखों की सुविधा बदहाल होने के कगार पर, जर्जर भवन से गिर रहा प्लास्टर, चारों ओर गंदगी और झाड़ियों का अंबार; धूप-बारिश से बचने के बजाय सड़क किनारे बस का इंतजार करने को मजबूर यात्री
सेराज खान पिलखा भूमि सूरजपुर प्रतापपुर-बालरामपुर मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत सोतार का यात्री प्रतीक्षालय इन दिनों सरकारी सुविधाओं के रखरखाव और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने तथा बसों के इंतजार के दौरान बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित यह भवन पिछले करीब तीन वर्षों से बदहाली का दंश झेल रहा है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों की सुविधा के लिए बनाया गया प्रतीक्षालय अब खुद मरम्मत और देखरेख का इंतजार कर रहा है।
ग्राम पंचायत भवन के ठीक बगल में स्थित इस यात्री प्रतीक्षालय की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। भवन जर्जर हो चुका है, छत और दीवारों का प्लास्टर उखड़ रहा है तथा परिसर में गंदगी और झाड़ियों का फैलाव है। नियमित साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और आवश्यक मरम्मत के अभाव में भवन की उपयोगिता लगभग समाप्त होती जा रही है। विडंबना यह है कि जिस स्थान पर यात्रियों को बैठकर बस का इंतजार करना चाहिए, वहां की बदहाल स्थिति के कारण लोग सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं।
“सुविधा के नाम पर भवन, लेकिन यात्रियों को राहत नहीं”
ग्रामीणों का कहना है कि यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण लोगों की सुविधा के लिए कराया गया था। शुरुआती दौर में इसका लाभ भी मिला, लेकिन समय के साथ देखरेख और मरम्मत की व्यवस्था पूरी तरह उपेक्षित होती चली गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार समस्या से पंचायत के जिम्मेदारों को अवगत कराने के बावजूद न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की गई। करीब तीन वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। ऐसे में सरकारी धन से निर्मित सार्वजनिक सुविधा का इस तरह बदहाल होना पंचायत की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है।
“पंचायत की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण”
सबसे गंभीर सवाल यह है कि पंचायत भवन के ठीक बगल में स्थित यात्री प्रतीक्षालय की बदहाली जिम्मेदारों की नजरों से आखिर कैसे ओझल रही? यदि समय रहते सामान्य मरम्मत, साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान दिया गया होता तो भवन की स्थिति इतनी खराब नहीं होती। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कराना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका नियमित रखरखाव भी पंचायत की जिम्मेदारी है। लापरवाही का खामियाजा आज स्थानीय ग्रामीणों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
“जिला पंचायत सीईओ ने लिया संज्ञान, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा”
इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले ने कहा कि यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति की जानकारी उन्हें नहीं थी। मामले की जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देकर व्यवस्था में सुधार के लिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद सोतार का यह यात्री प्रतीक्षालय वास्तव में अपनी बदहाली से बाहर निकल पाता है या फिर जांच और कार्रवाई का आश्वासन भी सरकारी फाइलों तक ही सीमित रह जाता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई कराकर इसे फिर से यात्रियों के उपयोग के लायक बनाया जाएगा।
