वायरल वीडियो, खुलेआम खरीद-फरोख्त और पहले की कमजोर कार्रवाई के बावजूद कारोबार पर अंकुश नहीं; देवनगर से जिलेभर में नशीली दवाओं की सप्लाई की आशंका, युवा पीढ़ी का भविष्य दांव पर
सेराज खान पिलखा भूमि सूरजपुर जिले से लगे ग्राम पंचायत देवनगर में नशीले इंजेक्शनों का कथित अवैध कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है। नशे के इस काले कारोबार को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होने और स्थानीय स्तर पर चर्चाएं सामने आने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आ रहा है। कार्रवाई के दावों और जमीनी हालात के बीच बढ़ते अंतर ने अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर देवनगर में नशे का कारोबार इतनी बेखौफी से कैसे संचालित हो रहा है? क्या जिम्मेदार महकमे को इसकी भनक नहीं है या फिर कार्रवाई की इच्छाशक्ति कहीं कमजोर पड़ रही है?
हालांकि, यह कहना भी उचित नहीं होगा कि पुलिस ने इस दिशा में कभी कोई पहल नहीं की। पूर्व में छापामार कार्रवाई कर दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन आरोप है कि नशीले इंजेक्शनों के कारोबार से जुड़े मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को शीघ्र ही जमानत पर छोड़ दिया गया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि मामला नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ा था, तो उसकी तह तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए क्या कदम उठाए गए?

“वायरल वीडियो ने खोली थी कथित कारोबार की परतें, फिर क्यों थम गई जांच”
देवनगर का एक कथित वायरल वीडियो भी पिछले दिनों खूब चर्चा में रहा था। वीडियो में एक महिला द्वारा नशीला इंजेक्शन दिए जाने और खरीददार द्वारा फोन-पे के माध्यम से रकम भुगतान किए जाने जैसी गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया गया था। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि समाचार संस्थान द्वारा नहीं की गई है, लेकिन इसकी सत्यता, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच करना पुलिस के लिए बेहद महत्वपूर्ण विषय था। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई और जांच आगे बढ़ने के बजाय ठंडे बस्ते में चली गई।
“देवनगर से जिलेभर तक फैला है सप्लाई नेटवर्क”
स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारियों और लोगों की शिकायतों के अनुसार देवनगर में नशीले इंजेक्शनों एवं अन्य प्रतिबंधित दवाओं की कथित खरीद-फरोख्त बड़े पैमाने पर जारी है। यहां से जिले के अलग-अलग इलाकों तक इनकी आपूर्ति किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। यदि इन आरोपों में सच्चाई है, तो यह महज एक गांव में संचालित अवैध कारोबार का मामला नहीं, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक बड़े नेटवर्क का संकेत हो सकता है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि नशे का यह जाल युवा वर्ग के साथ कम उम्र के बच्चों को भी अपनी चपेट में लेने की आशंका पैदा कर रहा है। नशे की शुरुआत कब लत में बदल जाती है, इसका अंदाजा परिवारों को तब होता है, जब तक बहुत देर हो चुकी होती है। ऐसे में देवनगर का मामला केवल कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर प्रश्न बन गया है।
“अब छोटे-मोटे कार्रवाई नहीं, पूरे नेटवर्क पर प्रहार की जरूरत”
जरूरत इस बात की है कि पुलिस और प्रशासन महज छिटपुट कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि देवनगर में कथित नशीले इंजेक्शनों के कारोबार की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराएं। नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से हो रही है, इन्हें कौन उपलब्ध करा रहा है, किन लोगों के माध्यम से बिक्री की जा रही है और जिले में इसका नेटवर्क कितना विस्तृत है, इन सभी पहलुओं की कड़ाई से पड़ताल होनी चाहिए। संदिग्ध ठिकानों, वित्तीय लेनदेन, मेडिकल सप्लाई और कथित कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच जरूरी है।
सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि देवनगर में नशीले इंजेक्शन कौन बेच रहा है, बल्कि बड़ा सवाल यह है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग हैं और अब तक उन तक कार्रवाई का शिकंजा क्यों नहीं पहुंचा? पुलिस की निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई ही इन सवालों का जवाब दे सकती है। समय रहते इस नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार नहीं हुआ तो नशे का यह जहर आने वाले दिनों में कई परिवारों की खुशियां छीन सकता है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार महकमा इस गंभीर चुनौती को कितनी गंभीरता से लेता है।
