पिलखा भूमि | संपादक- मनीष वैध | अम्बिकापुर
जनजातीय समाज भारत की आत्मा है और भाजपा के लिए यह कभी वोट बैंक नहीं रहा, बल्कि 2047 के विकसित भारत का सबसे मजबूत आधार बनेगा। यह बात सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने अम्बिकापुर के संकल्प भवन स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कही।
धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवम्बर तक मनाए जा रहे ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ के तहत आयोजित इस पत्रकार वार्ता में सांसद ने जनजातीय नायकों के बलिदान और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया।

अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘उलगुलान’ का ऐतिहासिक बिगुल
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि 15 नवम्बर 1875 को झारखंड के उलिहातू में जन्मे भगवान बिरसा मुण्डा ने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ‘उलगुलान’ महाक्रांति का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा दिया। उन्होंने याद दिलाया कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से करीब एक सदी पहले ही तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चाँद-भैरव, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमराम भीम, रानी गाइदिन्ल्यू और मानगढ़ धाम के गोविंद गुरु जैसे नायकों ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी।
बजट में तीन गुना से अधिक बढ़ोतरी, योजनाओं से बदल रही तस्वीर
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया और छत्तीसगढ़ व झारखंड का गठन किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवम्बर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित कर बिरसा मुण्डा के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिया और देश को श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के रूप में पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति दी। उन्होंने आंकड़ों के हवाले से बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य विद्यालय, वन अधिकार पट्टा, पेसा कानून और सिकल सेल उन्मूलन मिशन जैसी योजनाओं से समाज का चौतरफा विकास हो रहा है।

कांग्रेस पर साधा निशाना, भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक जनजातीय समाज का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के रूप में किया और इतिहास में जनजातीय नायकों को उचित स्थान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष आज भी आरक्षण, समान नागरिक संहिता (UCC) और जनजातीय अधिकारों को लेकर समाज में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।
देशभर के 239 जिलों में मनाए जा रहे विविध कार्यक्रम
उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर देश के 239 जनजातीय जिलों और 568 एसटी विधानसभा क्षेत्रों में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, युवा संवाद और छात्रावास संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा व क्षेत्रीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
प्रेसवार्ता के दौरान मंच पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फूलेश्वरी सिंह, महामंत्री अरुणा सिंह, संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, देवनाथ सिंह पैकरा एवं बिन्देश्वरी पैकरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रविकान्त उराँव, कमलेश टोप्पो, शिवमंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पत्रकार मौजूद थे।
