
सीतापुर में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार: मैनपाट की घटिया सड़क उखाड़ने का फरमान, विधायक रामकुमार टोप्पो बोले- ‘विष्णु देव के राज में जनता की कमाई पर डाका बर्दाश्त नहीं’
पिलखा भूमि न्यूज़, मैनपाट।
विकास के नाम पर जनता की आँखों में धूल झोंकने वाले भ्रष्ट ठेकेदारों और कमीशनखोरी में डूबे अधिकारियों की अब सीतापुर विधानसभा में खैर नहीं है। मैनपाट ब्लॉक के कदनई से लोटाभवना तक पी एम जनमन योजना के तहत करोड़ों की लागत से बनाई गई ‘कागजी’ सड़क को विधायक रामकुमार टोप्पो की सख्ती के बाद उखाड़ फेंका गया है।
भ्रष्टाचार की डामर पर चला विधायक का डंडा
अढ़ाई किलोमीटर लंबी इस डामरीकरण सड़क को ठेकेदार ने इतनी घटिया गुणवत्ता के साथ बनाया था कि ग्रामीणों के विरोध के सुर राजधानी तक पहुँचने लगे थे। ग्रामीणों ने जब भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा विधायक के सामने खोला, तो विधायक रामकुमार टोप्पो ने बिना देर किए मौके पर ही विभाग की क्लास लगा दी। निर्माण इतना निम्न स्तर का पाया गया कि विधायक ने उसे तत्काल तोड़ने का फरमान सुना दिया।
विभागीय लापरवाही पर बरसे विधायक
जैसे ही विधायक का कड़ा रुख सामने आया, सुस्त पड़ा विभाग अचानक ‘हाइपर एक्टिव मोड’ में आ गया। जेसीबी लगाकर घटिया निर्माण को मिट्टी में मिलाने का काम शुरू कर दिया गया है। विधायक ने विभाग को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में रत्ती भर भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दो टूक चेतावनी: “दोबारा बनाओ वरना होगी जेल”
विधायक रामकुमार टोप्पो ने गरजते हुए कहा:
“यह विष्णु देव साय का सुशासन है, यहाँ भ्रष्टाचार की जड़ें काटने का काम किया जा रहा है। अगर कोई ठेकेदार गुणवत्ता से खिलवाड़ करेगा, तो उसे सड़क तोड़कर अपने खर्च पर दोबारा बनाना होगा। जनता का पैसा किसी की जेब भरने के लिए नहीं, बल्कि सुविधा देने के लिए है। गलत काम की शिकायत करें, दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
पिलखा भूमि का सवाल: क्या विधायक की इस सख्ती के बाद विभाग के कुंभकर्णी नींद में सोए हुए जिम्मेदार अधिकारी जागेंगे? क्या ऐसे भ्रष्टाचार करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, या फिर लीपापोती का खेल जारी रहेगा?
भ्रष्टाचार के खिलाफ पिलखा भूमि की जंग जारी रहेगी…













