पिलखाभूमि /महावीरपुर/जयनगर:
ग्राम पंचायत महावीरपुर अंतर्गत कालीघाट के समीप कोरिया वाली जंगल से सटी कच्ची सड़क पर आज सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से समूचे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक के चेहरे पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। चेहरा साफ नजर आ रहा है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यक्ति इस गांव या आसपास के इलाके का नहीं है।
सुबह 8 से 9 बजे के बीच ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 8:00 से 9:00 बजे के बीच जब कुछ ग्रामीण उस कच्चे रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना ग्राम पंचायत के सरपंच को दी। इसके बाद सरपंच ने तत्काल जयनगर थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया।
स्थानीय ग्रामीण बोले- ‘हमारे गांव-मोहल्ले का नहीं है व्यक्ति’
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक का चेहरा दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पहचान करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उसे पहचाना नहीं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वह महावीरपुर या आसपास के किसी टोले-मोहल्ले का निवासी नहीं है। चेहरे पर चोट के गंभीर निशान देखकर हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
फॉरेंसिक यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने की घटनास्थल की जांच
सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक मोबाइल यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से जंगल और आसपास के रास्तों पर सुराग तलाशने का प्रयास किया गया।
जयनगर पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े जंगल किनारे अज्ञात शव मिलने से पूरे क्षेत्र में भय और सनसनी व्याप्त है।






































