पिलखा भूमि/पत्थलगांव / जशपुर
(तहसील प्रतिनिधि: निखिल शर्मा)
प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के गृह निवास क्षेत्र पत्थलगांव में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक सराहनीय व अनुकरणीय पहल देखने को मिली। अभियान के दौरान मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों को रोककर केवल औपचारिकता निभाने के बजाय उन्हें सीधे हेलमेट पहनाकर सुरक्षा का वास्तविक पाठ पढ़ाया गया।

मौके पर उपस्थित ट्रैफिक डीएसपी श्री के.आर. चौहान और पुलिस बल के सहयोग से बिना हेलमेट चल रहे चालकों को समझाइश दी गई। अधिकारियों ने वाहन चालकों को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि सड़क पर रफ्तार से ज्यादा महत्वपूर्ण जीवन है। हेलमेट कोई बोझ या पुलिसिया चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में अनमोल जीवन बचाने वाली एक मजबूत ढाल है। मुख्यमंत्री के गृह अंचल में पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस मानवीय व संजीदा कदम की क्षेत्रवासियों ने खुले दिल से प्रशंसा की है।

संपादकीय दृष्टिकोण / संपादक मनीष वैध की टिप्पणी:
“सड़क सुरक्षा महज कानूनी नियमों का पालन कराने या चालान काटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका मूल उद्देश्य नागरिक की जान बचाना है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र पत्थलगांव में चालकों को मौके पर ही हेलमेट पहनाकर जागरूक करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय और पूरे प्रदेश के लिए एक सकारात्मक संदेश है। नियम तब प्रभावकारी बनते हैं जब उनमें डर की जगह जिम्मेदारी और आत्मीयता का भाव जुड़े। पिलखा भूमि परिवार इस मानवीय और प्रेरणादायी पहल का स्वागत करता है और नागरिकों से अपील करता है कि वे स्वयं की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों को अपनी आदत बनाएं।”
