
अंबिकापुर/लखनपुर। सरगुजा जिले के शासकीय नवीन महाविद्यालय, लखनपुर में Lilli Organisation द्वारा करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं साइबर फ्रॉड जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर के नए अवसरों से अवगत कराना, कौशल विकास को बढ़ावा देना तथा बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में Lilli Organisation के एचआर कृष्णदेव राजवाड़े तथा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर, स्किल कोऑर्डिनेटर एवं मार्केटिंग प्रमुख जयप्रकाश सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर सौरभा चटर्जी, स्नेहा सिंह एवं मुस्कान खातून ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास तथा रोजगार के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र रहा, जिसमें साइबर एक्सपर्ट मुकेश निराला एवं योगेश निराला ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग तथा डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समाधान प्रस्तुत किया। अंत में आयोजकों ने युवाओं से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया।











