
पिलखाभूमि कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को आज सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के माछपल्ली के जंगलों में हुई जबरदस्त मुठभेड़ में जवानों ने परतापुर एरिया कमेटी की खूंखार नक्सली लीडर कामरेड रूपी को मार गिराया है।

तड़के हुई मुठभेड़, जवानों ने संभाला मोर्चा
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को माछपल्ली इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर जवानों की टीम सर्चिंग पर निकली थी। आज अलसुबह जैसे ही जवान घेराबंदी कर रहे थे, नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभाला और सटीक फायरिंग की, जिसमें महिला नक्सली कमांडर रूपी ढेर हो गई।
पिस्तौल और शव बरामद
मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब जवानों ने इलाके की सर्चिंग की, तो वहां से कामरेड रूपी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और भारी मात्रा में नक्सली दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया है।

कौन थी कामरेड रूपी?
कामरेड रूपी परतापुर एरिया कमेटी की एक प्रभावशाली और मोस्ट वांटेड नक्सली लीडर थी। वह क्षेत्र में कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रही थी और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। उसकी मौत को नक्सली संगठन के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
एसपी ने की पुष्टि, सर्चिंग जारी
कांकेर एसपी अशोक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ के बाद अभी भी इलाके में जवानों का सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। पुलिस को अंदेशा है कि इलाके में कुछ और नक्सली छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए सघन तलाशी ली जा रही है।
यह खबर आप सबसे पहले हमारे न्यूज़ पोर्टल पर देख रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए जुड़े रहें।







