
अम्बिकापुर (पिलखा भूमि)। कलियुग के इस दौर में जहाँ इंसानियत और ईमानदारी धीरे-धीरे कम होती दिख रही है, वहीं सरगुजा संभाग के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। रास्ते में मिले लावारिस हजारों रुपयों को देखकर युवक का ईमान नहीं डोला और उसने तत्काल थाने पहुँचकर पूरी रकम पुलिस के सुपुर्द कर दी।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार (28 अप्रैल 2026) को मूलतः इंद्रपुर कुदरगढ़ (थाना ओड़गी) निवासी और वर्तमान में गांधीनगर के मुक्तिपारा में रहने वाले मनोज कुमार सिंह (पिता केशव प्रसाद सिंह, उम्र 22 वर्ष) गांधीनगर सब्जी मार्केट के पास बस से उतरे थे। वे पैदल ही अपने किराए के मकान की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने देखा कि सब्जी मंडी से हनुमान मंदिर की ओर जा रहे एक स्कूटी सवार व्यक्ति (जिसने पीले रंग की शर्ट पहनी थी) की जेब से कुछ रुपये सड़क पर गिरकर बिखर गए। जब तक मनोज कुछ समझ पाते, स्कूटी सवार युवक आगे निकल चुका था।
लालच पर भारी पड़ी नैतिकता
मनोज कुमार सिंह ने सड़क पर बिखरे नोटों को इकट्ठा किया, तो वह कुल 13,000 रुपये थे। उस वक्त आसपास कोई मौजूद नहीं था, लेकिन मनोज ने उन रुपयों को अपने पास रखने के बजाय सीधे गांधीनगर थाना जाने का फैसला किया। उन्होंने थाने पहुँचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी और बरामद किए गए 13,000 रुपये सुरक्षित जमा करा दिए।
पुलिस ने की युवक की सराहना
गांधीनगर थाना प्रभारी ने युवक की इस कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की जमकर सराहना की। पुलिस ने बताया कि:
“मनोज कुमार सिंह जैसे जागरूक और ईमानदार युवाओं की वजह से ही समाज में विश्वास कायम है। उनकी इस ईमानदारी के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया गया है।”
असली मालिक को तलाश रही पुलिस
थाना गांधीनगर पुलिस ने उक्त 13,000 रुपये की राशि को सुरक्षार्थ जमा कर लिया है। पुलिस ने अपील की है कि जिस भी स्कूटी सवार व्यक्ति की यह रकम गिरी है, वह उचित प्रमाण और पहचान के साथ थाना गांधीनगर आकर अपनी राशि प्राप्त कर सकता है।
संपादकीय टिप्पणी: पिलखा भूमि परिवार मनोज कुमार सिंह के इस जज्बे को सलाम करता है। आपकी एक छोटी सी ईमानदारी किसी जरूरतमंद की बड़ी समस्या हल कर सकती है।







